
व्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य के विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने यहां सत्ताधारी बीजेपी और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर होने का अनुमान जताया है. हालांकि इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में कांग्रेस के कई बड़े नेता हारने वाले हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक जयराम ठाकुर ने कहा, ‘हिमाचल चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है. न तो मैं यह कह सकता हूं कि हम यह चुनाव एकतरफा जीत रहे हैं और न ही कांग्रेस ऐसा कह सकती है. यहां एक बात तय है कि इस चुनाव में कांग्रेस के बड़े नेताओं की हार होने वाली है.’
हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर ने साथ ही कहा, ‘राज्य में इस बार सबसे ज्यादा मतदान हो सकता है. हिमाचल में महिला वोटरों की संख्या बढ़ी है, जो अच्छी बात है. मैं यह कह सकता हूं कि बीजेपी राज्य में एक बार फिर से सत्ता में आ रही है. सारे सर्वे बीजेपी की जीत की ओर इशारा कर रहे हैं. कांग्रेस क्या कह रही है उस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता.’
