
शिमला – नितिश पठानियां
कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र तैयार है। पांच नवंबर को पार्टी घोषणापत्र का ऐलान करेगी। घोषणापत्र में दस गारंटी समेत तमाम अन्य मुद्दों को शामिल किया गया है।
दस गारंटियों के अलावा अब कांग्रेस अपने घोषणापत्र में किसानों, बागबानों और आम वर्ग के लिए बड़ी घोषणा कर सकती है। इसके साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कांग्रेस ने सभी मुद्दों पर बारीकी से अध्ययन किया है।
घोषणापत्र पर टास्कफोर्स ने बारीकी से अध्ययन के बाद अंतिम रूप दिया है। कांग्रेस घोषणापत्र का ऐलान बड़े नेता की मौजूदगी में शिमला से कर सकती है।
घोषणापत्र के लिए कांग्रेस ने समिति का गठन किया था। सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल को प्रदेश में चुनाव घोषणापत्र समिति की बागडोर सौंपी थी। इसके साथ ही प्रदेश मामलों के सहप्रभारी संजय दत्त की राय को भी घोषणापत्र में शामिल किया गया है।
घोषणापत्र तैयार होने के बाद समिति ने इसे टास्कफोर्स के सुपुर्द कर दिया था। ताकि घोषणापत्र में शामिल मुद्दों को पूरा करने की तैयारी की जा सके। गौरतलब है कि कांग्रेस दस गारंटियां देने का फैसला घोषणापत्र की तैयारी से पहले ही कर चुकी है।
इन गारंटियों में मुख्य रूप से ओल्ड पेंशन बहाल करने, युवाओं को बिना ब्याज के ऋण देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को हर महीने डेढ़ हजार रुपए का भुगतान करने सहित अन्य वादे शामिल हैं।
चुनाव घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि पांच नवंबर को कांग्रेस घोषणापत्र को लोगों के सामने लाएगी। घोषणापत्र में जनहित से जुड़े मुद्दों को जगह दी गई है।
किसानों, बागवानों समेत आम वर्ग के लिए पार्टी बड़ी राहत का ऐलान करने जा रही है। कांग्रेस जो भी वादे चुनाव से पूर्व करेगी सत्ता में आने के बाद उन सभी पर सौ फीसदी अमल होगा।
