दस कनाल जमीन पर लगाए सात पोलीहाउस
हिमखबर डेस्क
सुलाह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत सुलाह के गांव वटारल वार्ड नंबर-एक के रहने वाले राजीव राजपूत पुत्र कैप्टन झगड़दीप राजपुत जो कि फूलों की खेती करके लाखों रुपए कमा रहे हैं। ऐसे में अब यह अन्य लोगों के लिए भी रोल मॉडल बन गए हैं तथा अन्य किसानों को भी फूलों की खेती करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं?।
राजीव राजपूत ने बताया कि 2014 से कृषि के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह चंडीगढ़ में इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करते थे। ऐसे में उनके पिता सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर खेतीबाड़ी का काम करते थे और तरह-तरह के फल और सब्जियां उगाते रहते थे। ऐसे में जब वे घर आते थे, तो पिता के साथ खेतीबाड़ी के काम में भी हाथ बंटाते थे।
ऐसे में मैंने उनसे प्रेरित होकर अपनी पोस्टिंग पालमपुर में करवा ली तथा जब वे पालमपुर में नौकरी के लिए जाते थे, तो वहां पर अक्सर कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारियों से मिलना-जुलना होता रहता था। ऐसे में एक दिन मेरी मुलाकात उद्यान विभाग के एक अधिकारी के साथ हुई। जिन्होंने मुझे फूलों की खेती करने के लिए प्रेरित किया।
तत्पश्चात मैंने उनके कहे अनुसार तथा उन्हीं के सहयोग से फूलों के संदर्भ में ट्रेनिंग कर इसके बारे में जानकारी हासिल की। तथा उद्यान विभाग के सहयोग से सरकारी सब्सिडी के तहत अपनी 10 कनाल की जमीन में यह प्रोजेक्ट शुरू किया और मैंने इस प्रोजेक्ट में कड़ी मेहनत करके इसी कार्य को अपना प्रोफेशन बना लिया।
ऐसे में तब से लेकर आज तक इसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहा हूं। राजीव राजपूत ने बताया कि इन्होंने अपनी 10 कनाल जमीन में 7 पोलीहाउस लगाए हुए हैं, जिसमें उन्होंने जरबेरा, गेंदा व कारनेशन फूल उगाए हुए हैं और उनकी खास बात यह है कि इन फूलों को पुरे साल भर उगा सकते हैं और इन फूलों को बेचकर मुनाफा भी अधिक होता है।
उन्होंने बताया कि त्योहारों व विवाह शादियों के सीजन में इन फूलों की बहुत डिमांड होती है। और यह अपने फूलों को गाजीपुर व दिल्ली की फूल मार्केट में बेचते हैं। जहां पर उन्हें फूलों के अच्छे दाम मिलते हैं।

