
किन्नौर- एस पी क्यूलो माथास
देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी की मौत की एक बार फिर से झूठी सूचना इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दी गई। अब प्रशासन इस मामले पर कड़ा संज्ञान ले रहा है। किन्नौर जिला प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया है। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने कहा श्याम सरन नेगी के बारे में झूठी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस संबंध में एफआइआर दर्ज करवाने की तैयारी कर रहा है।
बुधवार देर रात को यह अफवाह फैली तो इंटरनेट मीडिया पर एकाएक ये संदेश वायरल होने लगे। कई लोगों ने तो श्याम सरन नेगी को श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया। इस दौरान भी प्रशासन ने तुरंत बयान जारी किया कि श्याम सरन नेगी पूरी तरह से स्वस्थ हैं व झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें।
इससे पूर्व 18 नवंबर को भी इंटरनेट मीडिया पर मास्टर नेगी के बारे में झूठी सूचना वायरल हुई थी। बार बार देश के प्रथम मतदाता श्याम सरन नेगी के मृत्यु होने की झूठी सूचना को इंटरनेट मीडिया पर फैलाने को लेकर प्रशासन ने अब कड़ा संज्ञान लिया है।
