हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के गांव बढेड़ा राजपूतां के रहने वाले प्रमुख उद्योगपति, व्यवसायी एवं समाजसेवी महेंद्र शर्मा ने एक बार फिर दरियादिली की मिसाल पेश की है। महेंद्र शर्मा ने श्री केदारनाथ मंदिर ट्रस्ट को एक करोड़ रुपए की बड़ी राशि दान में दी है। उन्होंने इस राशि का ड्राफ्ट शुक्रवार को श्री केदारनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सौंपा।
ट्रस्टी के तौर पर निभा रहे हैं जिम्मेदारी
बता दें कि बढेड़ा राजपूतां के विख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी स्वर्गीय अमरनाथ शर्मा के बेटे महेंद्र शर्मा श्री बद्री-केदारनाथ मंदिर ट्रस्ट में बतौर ट्रस्टी भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह केदारनाथ धाम के प्रति अगाध श्रद्धा रखते हैं और इससे पहले भी धाम के गर्भ गृह में चांदी का लेपन करवाकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं।

धार्मिक कार्यों में हमेशा रहते हैं आगे
महेंद्र शर्मा की दानवीरता केवल केदारनाथ धाम तक ही सीमित नहीं है। वह इससे पूर्व श्री माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट को भी एक करोड़ रुपए की राशि दान कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त, माता चिंतपूर्णी मंदिर के गर्भ गृह की दीवारों पर चांदी का काम भी उन्हीं के सहयोग से करवाया गया है।
महेंद्र शर्मा समाजसेवा के साथ-साथ मंदिरों के उत्थान और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए हमेशा बड़ी राशि का सहयोग करते आए हैं। एक बार फिर इस बड़ी धनराशि के सहयोग से उन्होंने न केवल धार्मिक संस्थाओं को मजबूती दी है, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।

