हिमखबर डेस्क
जलशक्ति विभाग में कार्यरत जूनियर इंजीनियर लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए महिला डॉक्टर, उसके ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चिकित्सक पति से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित अवैध संबंधों के शक को लेकर रची गई साजिश के तहत जेई की हत्या की गई। वैज्ञानिक साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा अब मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार 24 जुलाई की शाम जेई लाभ सिंह गुलेरिया को पानी की पाइप लाइन देखने के बहाने गांधीनगर स्थित घर बुलाया गया। जांच में आरोप है कि वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने कथित रूप से उनकी पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई।
इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नाले के पास फेंक दिया गया। इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए एएसपी संजीव चौहान की अगुवाई में गठित विशेष जांच दल ने मोबाइल काल डिटेल, घटनास्थल से जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्यों और घरेलू सहायिका के बयान समेत कई अहम कड़ियों को जोड़ते हुए पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों को जेई और महिला डॉक्टर के बीच कथित संबंधों को लेकर संदेह था, जिसके चलते हत्या की साजिश रची गई। मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। यदि जांच के दौरान नए तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह हत्याकांड पूरे कुल्लू जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, अब पुलिस ने गिरफ्तारी का खुलासा नहीं किया है और गुरुवार को पुलिस इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा कर सकती है। साथ ही आरोपियों को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा।

