अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने किया आग्रह, 31 मार्च, 30 सितंबर की नीति जारी रखने का आह्वान
शिमला – नितिश पठानियां
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों को साल में दो बार नियमित करने का आह्वान किया है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर और महासचिव भरत शर्मा ने कहा कि पहले एक वर्ष में दो बार कर्मचारियों को रेगुलर किया जाता था, लेकिन अभी इस विषय में भी संशय है कि कर्मचारी सिर्फ मार्च में ही रेगुलर होंगे या सितंबर में भी उन्हें पक्का किया जाएगा।
उन्होंने यह भी मांग की है कि पहले की तरह 31 मार्च और 30 सितंबर को अपना कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को रेगुलर कर दिया जाना चाहिए। पिछले दिनों महासंघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और मुख्य सचिव से मिलकर अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने संबंधित अधिसूचना जारी करने का आह्वान किया है।
इसमें उन्होंने कहा कि यह अधिसूचना इन कर्मचारियों के लिए पहली अप्रैल से रेगुलर करने संबंधी हो। आदर्श चुनाव आचार संहिता के कारण इन कर्मचारियों के दो से तीन महीने का नुकसान हो रहा है। यदि यह अधिसूचना पहली अप्रैल से होती है, तो कर्मचारी इस नुकसान से बचेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारी हित में सराहनीय कार्य किए हैं और उन्हें यह भी विश्वास है कि यह अधिसूचना भी सरकार जल्द लागू करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी लगातार सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। जहां प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन जैसी बड़ी सौगात दी है, वहीं कांट्रैक्ट के कारण छूटे कर्मचारियों के लिए भी प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन के दायरे में लाना प्रदेश सरकार की दूरदर्शिता और कर्मचारियों के प्रति सरकार की सोच को दर्शाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और अन्य सहयोगियों का इस अधिसूचना के लिए भी धन्यवाद किया।

