रैल में 17 को कई रोगों के स्पेशलिस्ट डॉक्टर करेंगे चैकअप, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के विशेषज्ञ भी देंगे सेवाएं, मौके पर ही किए जाएंगे टैस्ट, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
हिमखबर डेस्क
नादौन उपमंडल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल में वीरवार 17 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे जन स्वास्थ्य शिविर में कई स्पेशलिस्ट डॉक्टर आम लोगों का चैकअप करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि सुबह साढे नौ बजे से आरंभ होने वाले इस शिविर का विधिवत उदघाटन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस शिविर में जनरल मेडिसिन, इंटरनल मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, हड्डी रोग, नेत्र रोग, बाल रोग, स्त्री रोग, हृदय रोग, त्वचा रोग, मानसिक रोग, दंत रोग, न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरो सर्जरी, कैंसर, गैस्ट्रोएंटोलॉजी और रुमेटोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ आयुर्वेद विभाग और होम्योपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सक भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
इस दौरान अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, ईसीजी, ब्लड टैस्ट और कई अन्य महत्वपूर्ण टैस्ट भी मौके पर ही किए जाएंगे तथा निशुल्क दवाइयां दी जाएंगी। 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी के टीके भी लगाए जाएंगे।
आयुर्वेद विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक अग्निकर्म, विद्वकर्म, जलोका कर्म, शिरोधारा, नाड़ी स्वेद, ग्रीवा वस्ती, जानु वस्ती, कपिंग और अन्य क्रियाओं से भी इलाज करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्षेत्रवासियों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

