हिमाचल के ज्वाली में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए CCTV कैमरे और DVR भी साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्वाली – शिवू ठाकुर
पुलिस थाना ज्वाली के पनालथ पंचायत में करीब 21 लाख के गहनों व नकदी चोरी होने का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि चोरों ने घाडज़रोट में दो घरों में चोरी का प्रयास किया, लेकिन घरवालों के जाग जाने के कारण चोरी करने में नाकाम रहे और बाद में नगरोटा सूरियां में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
अब बुधवार रात को चोरों ने पुलिस थाना ज्वाली के अधीन पंचायत भलू में शशि मोहल पत्नी प्रेम सिंह के घर से करोड़ों के गहनों व नकदी पर हाथ साफ किया है और सीसीटीवी सहित डीवीआर को भी साथ ही ले गए। जानकारी अनुसार मकान मालकिन दुबई में रहती हैं तथा उसने घर में सीसीटीवी कैमरा लगाए हुए हैं, जिनको अपने मोबाइल के साथ जोड़ा है।
बुधवार रात को जैसे ही चोर घर में घुसे तो सीसीटीवी कैमरों की घंटी बजी। उसी समय अपने रिश्तेदार को सूचित किया। गुरुवार को रिश्तेदार ने मकान में जाकर देखा तो हर तरफ सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना पुलिस थाना ज्वाली में दी। पीडि़त महिला ने फोन पर बताया कि उसके घर पर करीबन डेढ़ करोड़ के गहने व एक लाख नकदी थी।
सूचना मिलते ही गुरुवार को सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच आरंभ की। चोर घर की चारदीवारी को फांद कर अंदर आए और मकान के प्रमुख दरवाजे को खोलकर अंदर घुस गए। दो मंजिला मकान में हर कमरे में घुसकर सामान को बिखेरा और जो भी जेवरात और नकदी मिली उसको चुरा कर ले गए।
चोरी का कोई सुराग न लग पाए, जिसके चलते सीसीटीवी कैमरों व डीवीआर को भी चुरा कर ले गए। हालांकि एक कमरे में कुछ गहने सुरक्षित मिले हैं। पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

