जनगणना ड्यूटी से लौट रहे एक शिक्षक की कार सड़क से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में शिक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में जनगणना ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस थाना चिड़गांव के अंतर्गत धामवाड़ी के पास एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक शिक्षक बलवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना वीरवार की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दीवान चंद निवासी गांव गजीयानी, डाकघर सिंदासली, तहसील चिड़गांव ने हादसे की सूचना दी। उन्होंने बताया कि एचपी 10बी 5690 नंबर की गाड़ी धामवाड़ी के पास सड़क से नीचे गिर गई है।
वाहन को बलवंत सिंह निवासी गांव गोक्सवाड़ी, तहसील चिड़गांव चला रहे थे। बलवंत की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वह पेशे से शिक्षक थे और जनगणना ड्यूटी से वापस अपने घर गोक्सवाड़ी लौट रहे थे।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस की ओर से हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं।



