हमीरपुर में छात्र गर्जना रैली में 2513 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अभाविप ने सरकार के सामने 7 प्रमुख मांगें रखीं। नैंसी अटल ने कहा कि हिमाचल का युवा परिवर्तन चाहता है।
हमीरपुर – हिमखबर डेस्क
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर द्वारा आज हमीरपुर में “छात्र गर्जना रैली” का आयोजन किया गया, जिसमें जिला हमीरपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से करीब 2513 विद्यार्थियों ने भाग लिया। भारी गर्मी के बावजूद विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर युवाओं की आवाज को बुलंद किया।
रैली की मुख्य अतिथि कुमारी क्षमा जी ने कहा कि आज हमीरपुर की भारी गर्मी में सड़कों पर उतरा युवा शक्ति का यह सैलाब बताता है कि हिमाचल प्रदेश का युवा अच्छा भविष्य, अच्छी शिक्षा और अच्छा रोजगार चाहता है। हिमाचल प्रदेश का युवा परिवर्तन चाहता है।
प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने हमेशा विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। आज प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। शिक्षण संस्थानों में मनमानी फीस वृद्धि की जा रही है, छात्र संघ चुनाव लंबे समय से बंद हैं और विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार को विद्यार्थियों की आवाज को गंभीरता से लेते हुए फीस वृद्धि बंद करने, छात्र संघ चुनाव बहाल करने, शिक्षकों के रिक्त पद भरने और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में तत्काल कदम उठाने चाहिए। साथ ही राज्य विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, 2026 को वापस लेने तथा HPTU में स्थायी कुलपति, अधिष्ठाता और शिक्षकों की नियुक्ति की जानी चाहिए।
नैंसी अटल ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी रोजगार चाहिए। प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए नशा माफिया पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज हमीरपुर से उठी छात्र गर्जना प्रदेश के विद्यार्थियों की आवाज है। विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।

