आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। पात्र इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत 7 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
हिमखबर डेस्क
बाल विकास परियोजना अधिकारी, रिवालसर, वंदना शर्मा ने बताया कि बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय रिवालसर द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सदयाणा पंचायत के धड़याणा आंगनबाड़ी केंद्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा एक आंगनबाड़ी सहायिका और बीर तुंगल पंचायत के कठयाणा आंगनबाड़ी केंद्र में एक सहायिका का पद भरा जाना है।
इच्छुक पात्र महिला अभ्यर्थी अपना आवेदन 7 अक्तूबर, 2026 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, रिवालसर के कार्यालय में जमा करवा सकती हैं। अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 12 अक्तूबर, 2026 को प्रातः 11 बजे एसडीएम कार्यालय, सदर-मंडी में आयोजित किए जाएंगे।
पदों के लिए महिला अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा शैक्षणिक योग्यता 10+2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी का नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया की सूची में दर्ज होना चाहिए।
परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा इसके लिए तहसीलदार या नायब तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र मान्य होगा। अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
आवेदन के साथ सादे कागज पर पूर्ण विवरण सहित आवेदन पत्र, फीडर एरिया/परिवार में दर्ज होने का प्रमाण पत्र, आयु एवं मैट्रिक प्रमाण पत्र, 10+2 एवं उच्च शिक्षा के प्रमाण पत्र तथा आय, श्रेणी, अनुभव, दिव्यांगता या एकल नारी से संबंधित प्रमाण पत्र, यदि लागू हो, जमा करवाना होगा।
अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 01905-240325 पर संपर्क किया जा सकता है। अभ्यर्थी संबंधित पर्यवेक्षक अथवा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से भी जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।

