
चम्बा – भूषण गुरुंग
पांच दिन से उपायुक्त कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने दो टूक कहा कि जब तक राजकीय महाविद्यालय तेलका में स्थायी प्राध्यापकों की नियुक्ति नहीं होगी तब तक वे घर नहीं जाएंगे। उन्होंने सरकार को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है कि यदि इस अवधि में स्थायी प्राध्यापकों की नियुक्ति नहीं की तो वे अभिभावकों के साथ चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को उनके भविष्य व स्वास्थ्य की चिंता नहीं है।
मंगलवार को पांचवें दिन भी छात्रों की क्रमिक भूख हड़ताल जारी रही। रितु, कविता, काजल व विपिन के साथ अन्य छात्र भी भूख हड़ताल पर बैठे हैैं। बच्चों का हाल जानने जिला मुख्यालय पहुंच रहे अभिभावक भी अनशन पर बैठकर सरकार के विरुद्ध नाराजगी जता रहे हैैं।
सोमवार को भूख हड़ताल पर बैठी एक छात्रा का तबीयत बिगड़ गई थी, जिसे मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा में भर्ती करवाया गया। यहां उपचार के बाद छात्रा को घर भेज दिया है। विद्यार्थियों ने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष, विधायक व उपमंडल अधिकारियों ने उनके पास आकर कालेज के लिए दो प्राध्यापकों की नियुक्ति की बात की और जल्द अन्य प्राध्यापक नियुक्त करवाने का आश्वासन देकर हड़ताल खत्म करने को कहा।
विद्यार्थियों ने कहा कि हर बार उन्हें आश्वासन दिए जाते हैं और कुछ दिन बाद फिर स्थिति वही बन जाती है। जब तक कालेज में स्थायी प्राध्यापक नहीं आएंगे तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
विधासनसभा अध्यक्ष के बोल
विधासनसभा अध्यक्ष डा हंसराज ने कहा कि कालेज में दो प्राध्यापकों की नियुक्ति कर दी है और बाकी की जल्द हो जाएगी ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके। मैंने विद्यार्थियों से बातचीत की लेकिन वे हड़ताल खत्म करने को तैयार नहीं हैं।
विधायक आशा कुमारी के बोल
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा कुमारी ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ निंदनीय है। पांच दिन से कालेज में पढ़ाई ठप है और छात्र भूखे-प्यासे स्थायी प्राध्यापकों की नियुक्ति के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री छात्रों के भविष्य को देखते हुए कालेज में जल्द स्थायी प्राध्यापक नियुक्त करें।
