
ब्यूरो – रिपोर्ट
कुनिहार-डुमैहर मार्ग पर चालक को अचानक नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे में कार सवार तीनों लोग सुरक्षित रहे।
तीनों पर्यटक मनाली घूमने जा रहे थे। हादसा देर रात हुआ, जब कार अनियंत्रित होकर कुणीपुल के साथ खाई में जा लुढ़की। तीनों कार सवार काफी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकले।
उन्होंने वहां से गुजर रही एक गाड़ी को रुकवाया। गाड़ी सवार ने तीनों को एक निजी होटल में ठहराया। शनिवार सुबह थाना कुनिहार पुलिस ने कार को क्रेन की सहायता से बाहर निकाला। कार चालक इरफान जाफर निवासी गांव जोबर जिला गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश ने कहा कि वे दिल्ली से मनाली जा रहे थे।
कार सवार अशरफ व भोपा राम भी सुरक्षित रहे। थाना प्रभारी कुनिहार अंकुश डोगरा ने कहा कि मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
