
मंडी – नरेश कुमार
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में मिले नवजात के शव के मामले में पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर ली है। आरोपितों ने पूछताछ में उन पर लगे आरोपों से इन्कार किया है। पुलिस ने डीएनए जांच के लिए सैंपल भेज दिया है। अगर इसका मिलान नवजात के डीएनए से हो गया तो इसके बाद गिरफ्तारियां होंगी।
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के शौचालय में दो दिन पहले एक नवजात का शव कैनी में मिला था। मौके पर मिली सीसीटीवी फुटेज और रिकार्ड के आधार पर पुलिस ने इस मामले में आरोपितों की पहचान मंडी के सदर हलके से की है।
जब उक्त लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने इस घटनाक्रम में उनकी किसी भी भूमिका से इन्कार किया। इसलिए पुलिस ने इनकी डीएनए जांच करवाने का निर्णय लिया। अब रिपोर्ट के आने के बाद ही पुलिस मामले में अगली कार्रवाई करेगी।
गौर हो कि आरोपितों ने अस्पताल में गलत पता लिखवाया था, लेकिन पुलिस ने रिकार्ड के आधार पर इनको ढूंढ निकाला।
एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है। आरोपित का डीएनए टेस्ट करवाया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
