
मंडी- नरेश कुमार
मंडी जनपद के बड़ा देव कमरुनाग के एक दिवसीय मेले में मंगलवार को श्रद्धा का सलैब उमड़ पड़ा। हज़ारों की तादाद में उमड़ी लोगों की भीड़ के आगे मंदिर परिसर भी एकदम छोटा पड़ गया। उपमंडल मुख्यालय गोहर के समीप मंगलवार को बड़ा देव कमरुनाग का एक दिवसीय मेला बड़े हर्षोलास के साथ मनाया गया।
इस मौके पर करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानीय देवी देवताओं ने भी बड़ा देव कमरुनाग का आशीर्वाद लिया। बता दे कोरोना कल के दौरान करीब दो सालों के बाद श्री देव कमरुनाग के इस मेले का आयोजन किया गया। सनद रहे सदियों से गोहर के समीप कुफरीधार में साल की दो बार (पौष व् आषाढ़ महीनों) श्री देव कमरुनाग के मेले का आयोजन किया जाता रहा है।
इस दौरान क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक पंचायतों के किसान व् बागवान देवता के समक्ष आवश्यक्तानुसार बारिश व आसमान साफ होने की गुहार लगाते रहे है, ताकि उनकी फसलों का बेहतर उत्पादन हो सके। मंगलवार को भी सैकड़ों किसानों व बागबानों ने देवता के शमक्ष जल्दी बारिश की गुहार लगाई है।
जिस पर वर्तमान गूर टिक्कम सिंह ने खेलते हुए देव कमरुनाग की ओर से मौके पर मौजूद लोगों को आश्वाशन दिया कि आगामी अढ़ाई दिनों के भीतर पर्याप्त मात्रा में बारिश हो जाएगी। किसानों का कहना था कि उनकी एकमात्र नगदी फसल मटर व् गंदम जैसी फसलों के लिए आजकल बारिश की अत्यंत आवश्यकता है।
अब देखना यह है कि देवता के गूर टिक्कम राम ठाकुर द्वारा की गई भविष्यवाणी के अनुसार अगले अढ़ाई दिनों के भीतर बारिश होती है या नहीं इस पर क्षेत्र के हज़ारों किसानों-बागवानो की निगाहें टिकी हुई है।
