हिमाचल में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! 1000 रोगी मित्र, 561 JOA समेत विभिन्न विभागों में कई पदों पर भर्ती को कैबिनेट की मंजूरी, जानें किस विभाग में कितने पद भरे जाएंगे।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शिमला में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, न्यायालय, पुलिस और अन्य विभागों में विभिन्न पदों को सृजित कर भरने की मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट ने स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्र नियुक्त करने के साथ ही जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (JOA) के 561 पद भरने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके अलावा स्टेनोग्राफर, असिस्टेंट प्रोफेसर, जेओए आईटी और अन्य पदों पर भी भर्ती का रास्ता साफ किया गया है।
मंत्रिमंडल के इन फैसलों से जहां प्रदेश में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे, वहीं सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्र और JOA के 561 पद
कैबिनेट बैठक में प्रदेश के नागरिकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्र नियुक्त करने को स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों, डेंटल कॉलेजों और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (HMIS) को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 561 पद सृजित कर भरने की मंजूरी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग में इस प्रणाली के कार्यान्वयन के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर भी नियुक्त किए जाएंगे। वहीं, सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आउटसोर्स आधार पर कार्यरत परफ्यूजनिस्ट का मासिक मानदेय 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 45 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया है।
मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में भी बढ़ेंगे पद
मंत्रिमंडल ने आईजीएमसी शिमला, टीएमसी कांगड़ा और श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक, मंडी में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए आवश्यक पदों के साथ सीनियर रेजिडेंट के पद भी सृजित कर भरे जाएंगे।
इसके अलावा कांगड़ा जिले के सिविल अस्पताल नूरपुर में मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल विंग के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पद सृजित कर भरने को मंजूरी दी गई है।
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में विभिन्न विभागों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर के आठ पद और एसोसिएट प्रोफेसर का एक पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक और चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण विकास और न्यायालयों में भी होगी भर्ती
- कैबिनेट ने ग्रामीण विकास विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 20 पद भरने को मंजूरी प्रदान की है।
- इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के 15 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया है।
- कोषागार, लेखा एवं लॉटरी विभाग में जेओए आईटी के चार पद और मल्टी टास्क वर्कर का एक पद भी भरा जाएगा।
- वहीं, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित चार प्रतिशत आरक्षण कोटे के तहत विभिन्न श्रेणियों के तीन पद भरने की मंजूरी दी गई है।
पुलिस विभाग में भर्ती परीक्षा अब ऑफलाइन होगी
मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन माध्यम से आयोजित करने को मंजूरी प्रदान की है। इसके साथ ही कांगड़ा जिले की पुलिस चौकी बड़ोह को पुलिस थाना में स्तरोन्नत करने और इसके लिए आवश्यक पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया है। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए नई पुलिस चौकी खोलने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
इलेक्ट्रिक और डीजल बसों की खरीद पर मिलेगी सब्सिडी
कैबिनेट बैठक में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। हमीरपुर बस स्टैंड से राधाकृष्णन चिकित्सा महाविद्यालय जोलसप्पड़ और आईजीएमसी शिमला की नई ओपीडी से अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा रूट पर बसें चलाने के लिए सब्सिडी देने का निर्णय लिया गया है।
इसके तहत 10 से अधिक सीटों वाली इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर 50 प्रतिशत और डीजल बसों की खरीद पर 40 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जाएगी। कैबिनेट के इन फैसलों से प्रदेश के कई विभागों में रोजगार के नए अवसर खुलने के साथ स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।

