हिमाचल गोलीकांड: सिर को चीरते हुए चचेरे भाई के हेलमेट में फंसी गोली, 8 घंटे बाद खुला मौत का राज

--Advertisement--

हिमाचल प्रदेश में एक सनसनीखेज गोलीकांड में शख्स की मौत का मामला सामने आया है, गोली मृतक के सिर को चीरते हुए उसके चचेरे भाई के हेलमेट में जा फंसी, घटना के करीब 8 घंटे बाद मामले की गुत्थी सुलझी।

सिरमौर – नरेश कुमार राधे

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल में एक बेहद रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां चलती बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका चचेरा भाई बाल-बाल बच गया।

हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब आठ घंटे तक किसी को भी गोली चलने या व्यक्ति को गोली लगने का पता नहीं चला। शाम के समय बाइक चालक के हेलमेट में गोली का सुराख और अंदर फंसी गोली मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मृतक की पहचान खजान सिंह (55), निवासी जामू कोटी, रेणुका जी के रूप में हुई है। वहीं, बाइक चला रहे उनके चचेरे भाई रविंद्र (31) इस घटना में सुरक्षित बच गए। फिलहाल पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज नहीं किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे रविंद्र और खजान सिंह शिलाई उपमंडल की कोटी उतरो पंचायत में एक रिश्तेदार के घर से वापस अपने गांव लौट रहे थे। दोनों बाइक पर सवार थे और खजान सिंह पीछे बैठे हुए थे।

रास्ते में अचानक रविंद्र को महसूस हुआ कि पीछे बैठे खजान सिंह की तबीयत बिगड़ गई है। देखते ही देखते वह बाइक से नीचे गिर पड़े। उस समय रविंद्र को न तो गोली चलने की कोई आवाज सुनाई दी और न ही उन्हें इस बात का अंदाजा हुआ कि खजान सिंह को गोली लगी है।

इसके बाद घायल खजान सिंह को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया।

हेलमेट में मिला गोली का सुराख, अंदर फंसी थी गोली

शुरुआत में परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि शायद रास्ते में कोई पत्थर लगने से खजान सिंह के सिर में चोट आई होगी। घटना के बाद रविंद्र भी पांवटा साहिब से वापस अपने गांव जामू कोटी के पास लौट आया।

लेकिन शाम करीब 4 बजे जब रविंद्र की नजर अपने हेलमेट पर पड़ी तो वह हैरान रह गया। हेलमेट में गोली का सुराख दिखाई दिया। जब उसने ध्यान से जांच की तो हेलमेट के अंदर से एक गोली भी बरामद हुई।

शुरुआती आकलन के अनुसार, गोली खजान सिंह के सिर को भेदते हुए आगे निकली और बाइक चला रहे रविंद्र के हेलमेट में जाकर फंस गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नाहन से अतिरिक्त थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शाम करीब 6:15 बजे रविंद्र के बयान दर्ज किए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज नाहन में खजान सिंह का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनकी मौत गोली लगने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

फिलहाल शिलाई पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। घटनास्थल, हेलमेट से बरामद गोली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।

किसने चलाई गोली, अब भी बना हुआ है रहस्य

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चलती बाइक पर पीछे बैठे खजान सिंह को गोली किसने मारी? गोली किस दिशा से आई और क्या किसी ने उन्हें निशाना बनाया था?

जंगल में किसी शिकारी की ओर से गलती से गोली चलने, पुरानी रंजिश या किसी अन्य संभावित वजह समेत तमाम पहलुओं की जांच जरूरी है। हालांकि, अभी तक इनमें से किसी भी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

सुबह करीब 7 बजे हुई इस घटना का सुराग शाम 4 बजे हेलमेट में मिले गोली के निशान से लगा। फिलहाल हमलावर और गोली चलने की असली वजह सामने नहीं आई है। अब सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

कांगड़ा के विद्यार्थियों के लिए 20 नवंबर को होगी प्रतियोगिता, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया जाएगा जागरूक

विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति...