आकाशीय बिजली का कहर: गाय की मौत, धमाके से फटा TV; मकान मालिक अस्पताल में भर्ती

--Advertisement--

आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक गाय की मौत हो गई। बिजली के तेज झटके से घर में रखा TV धमाके के साथ फट गया, जबकि मकान मालिक की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल आनी में भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुक्सान का मामला सामने आया है। रानीकोट इलाके में बिजली गिरने से जहां एक दुधारू गाय की मौत हो गई, वहीं घर में रखा टेलीविजन धमाके के साथ फट गया। इस घटना में मकान मालिक की सुनने की क्षमता भी चली गई है, जिसका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना ग्राम पंचायत कराणा-1 के अंतर्गत आने वाले गांव रानीकोट (ढेक शाई) में सुबह करीब 8:45 बजे घटी। इलाके में हो रही भारी बारिश के दौरान स्थानीय निवासी जय चंद के मकान और गौशाला के समीप अचानक जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी।

इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से गौशाला में बंधी एक जर्सी नस्ल की गाय की मौके पर ही मौत हो गई। आसमानी बिजली का प्रभाव इतना भयंकर था कि जय चंद के मकान की पूरी वायरिंग जलकर क्षतिग्रस्त हो गई और कमरे में रखा टेलीविजन एक जोरदार विस्फोट के साथ फट गया।

टेलीविजन के फटने और बिजली गिरने के जोरदार धमाके के कारण मकान मालिक जय चंद गहरे सदमे में हैं और उनकी श्रवण शक्ति बुरी तरह क्षीण हो गई है। उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

कार्यकारी उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिलाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर के बोल

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया है। कुल्लू के कार्यकारी उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिलाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि संबंधित राजस्व अधिकारियों से इस प्राकृतिक आपदा से हुए जानमाल के नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।

रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से नियमानुसार उचित राहत एवं मुआवजा प्रदान किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना की आगे की जांच कर रही है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related