मौसम की चुनौती के बीच जारी रहा ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’, आंधी-बारिश भी नहीं रोक पाई हौसला

--Advertisement--

‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ के दौरान कैडेट्स को आंधी, बारिश और तेज हवाओं जैसी मौसम की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद अभियान में शामिल कैडेट्स का उत्साह और जज्बा बरकरार रहा। दसवें दिन जकातखाना से ज्योरिपट्टन तक रूट मार्च, ज्योरिपत्तन से गंभर पुल होते हुए बिलासपुर तक 38 किलोमीटर की सेलिंग

हिमखबर डेस्क

गोबिंद सागर झील में आयोजित ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ के दसवें दिन भी एनसीसी कैडेट्स का जोश और जज्बा बरकरार रहा। अभियान के तहत कैडेट्स कल शाम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जकातखाना पहुंचे। सुबह कैडेट्स ने स्थानीय लोगों और बच्चों को ‘टीबी मुक्त भारत’ का संदेश देते हुए टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया।

जकातखाना से ज्योरिपत्तन तक रूट मार्च

सुबह कैडेट्स ने जकातखाना से ज्योरिपत्तन तक रूट मार्च किया। इसके बाद ज्योरिपत्तन से गंभर पुल होते हुए बिलासपुर तक सेलिंग की गई। इसके उपरांत बारिश और तेज हवाओं के बीच कैडेट्स ने करीब 38 किलोमीटर की दूरी तय की। प्रतिकूल मौसम के बावजूद कैडेट्स ने पूरे अनुशासन, साहस और उत्साह के साथ अपनी यात्रा जारी रखी।

आंधी-तूफान और बारिश ने दिया नया अनुभव

कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ का दसवां दिन कैडेट्स के लिए सीख और अनुभव से भरपूर रहा। उन्होंने कहा कि आंधी, तूफान और बारिश जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों ने कैडेट्स को विपरीत हालात में धैर्य बनाए रखने, टीमवर्क और साहस के साथ आगे बढ़ने का नया अनुभव दिया।

उन्होंने विशेष रूप से महिला कैडेट्स के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि दसवें दिन भी बेटियों का जोश और उत्साह काबिले तारीफ रहा। कठिन मौसम और लंबी दूरी के बावजूद उन्होंने पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ अभियान में भाग लिया।

कल होगा ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ का विधिवत समापन

‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ के समापन समारोह का आयोजन कल किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री रोहित ठाकुर लुहणू घाट पर आयोजित फ्लैग-इन सेरेमनी में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और अभियान का विधिवत समापन करेंगे।

फ्लैग-इन सेरेमनी के बाद बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया जाएगा।

इस अभियान के दौरान कैडेट्स ने साहसिक सेलिंग के साथ-साथ टीबी मुक्त भारत अभियान, स्वच्छ भारत मिशन और पुनीत सागर अभियान के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related