मणिमहेश यात्रा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बारिश और बर्फबारी के बीच प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है।
चम्बा – भूषण गुरुंग
श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान खराब मौसम श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते प्रशासन ने यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है। डल झील मणिमहेश, गौरीकुंड, सुंदरासी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है।
क्षेत्र में बारिश के साथ बर्फबारी जारी रहने से यात्रा मार्ग पर फिसलन और अन्य जोखिम बढ़ गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने फिलहाल आगे की यात्रा पर रोक लगा दी है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम के सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने से बचें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे प्रशासन की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें और बिना अनुमति या निर्देश के यात्रा आगे न बढ़ाएं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण मौजूदा परिस्थितियों में यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना जरूरी समझा गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और मौसम में सुधार होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यात्रा पुनः शुरू करने के संबंध में स्थिति की समीक्षा के बाद आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम से जुड़ी अफवाहों पर भरोसा न करें और यात्रा संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।

