धर्मशाला के धर्मकोट में पुलिस ने रेव पार्टी पर शिकंजा कसते हुए चिट्टा, अफीम और अन्य नशे की खेप बरामद की। मामले में 15 लोगों को काबू किया गया।
धर्मशाला – हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने जिला कांगड़ा में अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल में चल रही कथित रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार तड़के छापामारी कर मौके से चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा बरामद किया। मामले में 15 लोगों का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण भी करवाया है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना मैक्लोडगंज की टीम ने अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल में दबिश दी। तलाशी के दौरान 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा/कैनाबिस के फूल बरामद किए गए।
डीआईजी की अगुवाई में कार्रवाई
पुलिस की समय पर कार्रवाई से पार्टी को रोक दिया गया और कथित अवैध गतिविधियों को आगे बढ़ने से रोका गया। डीआईजी सौम्या सांबशिवन की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।

