गनखेतर रेलवे क्रॉसिंग पर कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.813 किलो चरस बरामद की। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पालमपुर – बर्फू
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने बैजनाथ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 813 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।
गनखेतर रेलवे क्रॉसिंग के समीप नाकाबंदी और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामले में छह युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 17 वर्षीय एक किशोर को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसके परिजनों के संरक्षण में सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार सीआईए टीम को नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने गनखेतर रेलवे क्रॉसिंग के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान जांच में चरस बरामद होने पर छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ऑल्टो के10 कार (एचपी01 डीए1762), होंडा स्कूटी एचपी 37 जी3170) और पल्सर 220 मोटरसाइकिल एच् पी37 जे1763) को भी कब्जे में लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित कुमार (28), निवासी खारमेनखर, पालमपुर; अशोक कुमार (35), निवासी नंदौर कलां, जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़; अश्वनी कुमार (23) और आयुष कुमार (21), निवासी मंझेरनु, पंचरुखी; अतुल कुमार (24) और अक्षय कुमार (27), निवासी रामनगर, टाटेहल, पालमपुर के रूप में हुई है।
पुलिस थाना बैजनाथ में आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों के पास चरस कहां से पहुंची और इसे आगे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। जांच के दौरान नशे की पूरी सप्लाई चेन और इसके मुख्य स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कांगड़ा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि की है।

