हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जगह-जगह से नुकसान की खबरें आ रही हैं। चंबा व कांगड़ा में भारी बारिश के बीच दो सड़क हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, ऊना जिला के अंब क्षेत्र में एक कार नाले में बह गई।
जानकारी के अनुसार परिवार के चार लोग कार में सवार होकर पानी के बहाव से बेखबर नाले को पार करने की कोशिश कर रहे थे कि उसी दौरान ऊपरी क्षेत्र में पहाड़ियों पर हुई भारी बारिश के पानी का बहाव बेहद तेज हो गया और कार उसकी चपेट में आ गई।
स्थिति को बिगड़ता देख कार सवारों ने बिना समय गंवाए मुस्तैदी दिखाई और तुरंत वाहन से बाहर कूद गए। उनके बाहर निकलते ही कुछ ही सेकंड में कार ताश के पत्तों की तरह तेज बहाव में बह गई।
इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत यह रही कि समय पर बाहर निकलने के कारण परिवार का हर सदस्य सुरक्षित बच गया और किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
बारिश थमने और नाले का जलस्तर थोड़ा कम होने के बाद नाले की सिल्ट गाद में फंसी कार को ट्रैक्टर की मदद से निकालने की कोशिश की गई लेकिन इसमें सफलता न मिलने पर फिर कार को हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकाला जा सका।
प्रशासन की एडवायजरी
एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में उफनते नालों, खड्डों और नदियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। जलस्तर अचानक बढ़ने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

