हिमखबर डेस्क
एसटीएफ कुल्लू की टीम ने पंजाब के नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए गठित स्पेशल टास्क फोर्स ने मंडी जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर बिंद्रावनी के पास नाकाबंदी के दौरान एसटीएफ टीम ने पंजाब नंबर की एक कार से 4 किलो 859 ग्राम चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ कुल्लू की टीम डीएसपी हेमराज वर्मा के नेतृत्व में एएसआई भानु प्रताप और अन्य जवानों के साथ फोरलेन पर नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुल्लू की ओर से आ रही पंजाब नंबर पीबी-04-4470 कार को संदेह के आधार पर रोककर उसकी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान कार के भीतर गुप्त स्थान पर छिपाकर रखी गई 4 किलो 859 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय राजेश निवासी लुधियाना और 38 वर्षीय सतवीर सिंह निवासी होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना सदर मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप किस क्षेत्र से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

