18 लाख से बने पंचायत सामुदायिक केंद्र भवन का लोकार्पण
शाहपुर – नितिश पठानियां
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां ने आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकण्डी क्षेत्र के सल्ली में 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत सामुदायिक केंद्र भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धारकण्डी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों एवं पुलों के निर्माण पर लगभग 62 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि कनोल-लग बतूनी-मोर्छ सड़क पर 16.43 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। लगभग 10 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की भाग्य रेखाएं होती हैं, जिनसे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होती है।
पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि धारकण्डी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसे विकसित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही कनोल में वन विभाग द्वारा हट्स का निर्माण किया जाएगा तथा इस मार्ग पर बस सेवा भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने युवाओं से ट्राउट फिश पालन जैसे स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
उन्होंने पंचायत राज विभाग द्वारा निर्मित भवन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए संबंधित पंचायत को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश का मौके पर समाधान किया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान निर्मल सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया। वहीं, पूर्व उपप्रधान नंद लाल ने सल्ली को नई पंचायत बनाने पर क्षेत्रवासियों की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता गज प्रोजेक्ट सुभाष शर्मा, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता विद्युत विक्रम शर्मा, प्रधानाचार्य राकेश कटोच, जेई अंशुल शर्मा, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, बीओडी निदेशक विवेक राणा, अक्षय अत्री, संजय शर्मा, अरुण, गंधर्व पठानिया, पूर्व उपप्रधान पप्पू एवं ओमचंद, शुभकरण ,सपना, महेंद्र महाजन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

