हिमखबर डेस्क
आजकल के बच्चे अपने शौक पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगे हैं। शौक पूरा करने के लिए वे अपने घर को भी नहीं बख्श रहे। ऐसा ही एक मामला नादौन में पेश आया है, जहां पुलिस ने 2 दिन पहले हुई चोरी की गुत्थी सुलझाई और इसके पीछे मकसद की कहानी भी सामने आ गई। पुलिस जांच में अहम खुलासा हुआ कि नाबालिग बेटे ने आईफोन खरीदने के साथ-साथ अन्य शौक पूरा करने के लिए अपनी मां के गहने चुराए थे। इन गहनों की एवज में उसने करीब तीन लाख रुपए का लोन लिया था।
जानकारी के अनुसार नादौन थाना में मुकेश कुमार निवासी गांव गगाल, डाक्टी भरमोटी, नादौन द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई कि उसकी पत्नी के सोने के गहने घर की अलमारी से चोरी हो गए हैं। शिकायत में मांग टीका, दो नथ, दो जोड़ी झुमके तथा दो अंगूठियां चोरी होना बताया गया। इस संबंध में पुलिस थाना नादौन में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच के दौरान पाया गया कि शिकायतकर्ता का बेटा नाबालिग है, जिसने पूछताछ में बताया कि उसने उक्त सोने के गहने कृष कौंडल पुत्र स्व पवन कुमार निवासी गांव कुठार, भरमोटी नादौन को दे दिए थे। आगे पूछताछ करने पर सामने आया कि कृष कौंडल ने अपनी बहन निशा कुमारी निवासी टिल्लू, डाक्टर बेला, नादौन के साथ मिलकर उक्त गहनों को फाइनेंस कंपनी नादौन शाखा में गिरवी रखकर गोल्ड लोन प्राप्त किया।
पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए गिरवी रखे गए गहनों को बरामद किया गया। बरामद गहनों में नोज रिंग 12.900 ग्राम, मांग टिक्का 5.27 ग्राम, अंगूठी 3.98 ग्राम, एक जोड़ा झुमके 3.91 ग्राम, एक झुमका 2.43 ग्राम, नोज़ रिंग 3.25 ग्राम आदि यह 6 सोने के गहनों का कुल वजन लगभग 31.77 ग्राम है।
थाना प्रभारी निर्मल सिंह के बोल
बरामद गहनों की पहचान शिकायतकर्ता की पत्नी द्वारा की गई, जिन्होंने पुष्टि की कि ये गहने उन्हीं के हैं। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि चोरी हुए गहने बरामद किए हैं। वहीं गुत्थी सुलझा ली है।
बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर के बोल
चोरी किए गए बहने बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

