डलहौजी से दिल्ली जा रही एचआरटीसी वोल्वो में नौ यात्रियों को नहीं दिया टिकट, फ्लाइंग ने दबोचा
शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल पथ परिवहन निगम की वोल्वो बस में परिचालक द्वारा सवारियों का टिकट न देकर आठ हजार से अधिक राशि का गबन करने का मामला सामने आया है। निगम प्रबंधन ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बस परिचालक को सस्पेंड कर दिया है।
बताया जा रहा है कि डलहौजी से दिल्ली जा रही थी और बस में करीब 42 यात्री सवार थे, इसमें नौ यात्रियों को परिचालक द्वारा टिकट नहीं दिए गए थे। एचआरटीसी प्रबंधन के उडऩदस्तों के निरीक्षण के दौरान यदि परिचालक टिकटों के साथ छेड़छाड़ व अन्य मामलों में संल्पित पाया जाता है, तो इस पर प्रबंधन बस परिचालक को संस्पेंड भी करेगा और अन्य कार्रवाई भी।
जानकारी के अनुसार बुधवार को एचआरटीसी की वोल्वो बस डलहौजी-दिल्ली रूट पर जा रही थी। इस दौरान बस में 42 यात्री सवार थे। एचआरटीसी की वोल्वो बस जब पंजाब के कुराली के पास पहुंची तो निगम के उडऩदस्ते ने बस को रोककर चैक किया।
चैकिंग के दौरान बस में सवार यात्रियों की टिकटों की जांच की गई। फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने मौके पर बस में किए निरीक्षण में पाया कि 42 यात्रियों में से नौ यात्रियों को टिकट नहीं था। जांच में पता चला है कि बस परिचालक ने बस में नौ यात्रियों की टिकट ही नहीं बनाई थी।
इसमें से राजा का तालाब से दिल्ली एसीसी का टिकट 2538 रुपए, दो यात्रियों का तलवाड़ा से पिपली का 1510 रुपए, एक पैसेंजर बनीखेत से मुरथल तक 1427 रुपए, दो पैसेंजर बिना टिकट पठानकोट से चंडीगढ़ 1494 रुपए, एक सवारी बिना टिकट रेहान से मुरथल 1149 रुपए व एक यात्री बिना टिकट ऊना से चंडीगढ़ टिकट 349 रुपए कुल राशि 8467 रुपए का गबन पाया गया है।
वोल्वो बस में दीपक चालक व रोहित परिचालक कार्यरत थे। परिचालक को उक्त गंभीर मामले में संलिप्त पाए जाने पर आईएसबीटी दिल्ली पहुंचने पर ही ड्यूटी से हटा दिया है। अब उसके स्थान पर किसी अन्य परिचालक को उक्त बस रूट की सेवा के साथ तैनाती दी गई।
इस बारे में डीएम धर्मशाला पंकज चड्डा ने बताया कि उक्त बस सेवा तारा देवी आरएम के अंडर है। एचआरटीसी के एमडी संदीप कुमार का कहना है कि फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने कुराली के पास डलहौजी-दिल्ली रूट पर जा रही वोल्वो बस में नौ यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पाया है। परिचालक को सस्पेंड कर दिया है।

