व्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हाई स्पीड डाटा और वायस सेवा बेहतर बनाने के लिए बीएसएनएल के 4जी और 5जी टावर लगाने के नाम पर शातिर ठगी करने नया पैंतरा अपना रहे हैं।
लोगों को फोन कर शातिर बीएसएनएल के टावर लगाने की एवज में 3,100 रुपये पंजीकरण फीस बताकर ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं।
इस प्रकार की उपभोक्ता को काॅल आने की शिकायत बीएसएनएल प्रबंधक के पास पहुंची है। प्रबंधन ने भी लोगों को इस प्रकार के फर्जी कॉल्स के झांसे में न आने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि जिले में भी दूरसंचार सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम के प्रयास जारी हैं लेकिन ठगी कर लोगों को चूना लगाने वाले शातिर प्रबंधन के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने से भी पीछे नहीं रह रहे हैं।
प्रबंधन के सूत्रों के मुताबिक शातिर लोगों को मोबाइल पर मैसेज भेजकर बीएसएनएल नेटवर्क विस्तार का झांसा देते हुए 6,650 किलोमीटर लंबी अतिरिक्त ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने और कंपनी की ओर से तीन प्रदेशों में 1,800 4जी, 5जी टावर लगाने की बात कह रहे हैं।
इसका लाभ प्रधान, उपप्रधान और पंचायत सदस्य वर्तमान या पूर्व ले सकते हैं या फिर ग्राम पंचायत के किसी अन्य व्यक्ति को लगवा सकते हैं। इसके लिए बाकायदा शर्तें भी दर्शाई जा रही है।
शर्तों के मुताबिक आवेदक की जमीन पंचायत की चारों दिशाओं में दो किलोमीटर के अंदर होनी चाहिए। जमीन व्यक्ति हो और इसपर किसी प्रकार का विवाद न हो। जमीन पर केसीसी के अलावा कोई दूसरा ऋण नहीं होना चाहिए। जमीन तक गाड़ी के आने-जाने का रास्ता उपलब्ध हो।
इतना ही नहीं सबसे विशेष बात यह है कि कंपनी के साथ पंजीकरण जरूरी है। इसके लिए शुल्क 3,100 रुपये निर्धारित किया गया है जो रिफंडेबल है।
लोगों को लालच देने के लिए शातिर जमीन पर टावर लगने की एवज में 25,000 प्रति माह किराया और 20 वर्ष के कोर्ट एग्रीमेंट पर पांच वर्ष का 15 लाख एडवांस किराया देने, परिवार के एक सदस्य को सुरक्षा गार्ड की नौकरी देने, 22,000 वेतन देने आदि जैसे प्रलोभन दे रहे हैं।
बीएसएनएल सहायक अभियंता के बोल
बीएसएनएल के सहायक अभियंता रोशन ठाकुर ने बताया कि 4जी,5जी टावर लगाने के नाम पर शातिर बीएसएनएल के नाम पर लोगों से ठगी करने की फिराक में हैं। काल आने के बाद एक व्यक्ति ने ऐन मौके पर सूझबूझ से काम लेते हुए अपने आप को ठगी का शिकार होने से बचा लिया है। उन्हाेंने ऐसे फर्जी कॉल्स और मैसेजों के झांसे में न आने का आग्रह किया है।

