
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस विभाग की ओर से लाइसेंसधारकों को हथियार जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके जिले के कुछ हिस्सों में बंदूकधारकों ने अपने हथियारों को पुलिस थानों, चौकियों और हथियारों की दुकानों में जमा नहीं करवाया है।
जिले में 23,700 के करीब लाइसेंस बंदूकदारी हैं। बंदूकें जमा न करवाने के कारण वीरवार को कांगड़ा पुलिस ने तीन विभिन्न पुलिस थानों में हथियार जमा न करवाने पर मामले दर्ज किए हैं, जबकि अन्य लाइसेंसधारकों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसपी कांगड़ा डॉ. खुशहाल चंद शर्मा ने बताया कि लाइसेंस धारकों को अपने-अपने हथियारों को संबंधित थाना में जमा करवाने के निर्देश दिए थे।
बावजूद इसके कई लाइसेंस धारकों ने अपने हथियार जमा नहीं करवाए। इसके चलते जिला कांगड़ा में पुलिस थाना धर्मशाला, बैजनाथ और पालमपुर में तीन मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये मामले आदेशों की अवहेलना करने पर दर्ज हुए हैं। उन्होंने बताया कि अन्य अवहेलना करने वाले लाइसेंसधारकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
