हिमख़बर डेस्क
1 एच पी नेवल यूनिट एनसीसी, बिलासपुर द्वारा शिवा इंटरनेशनल स्कूल, घुमारवीं में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह एवं जन-जागरूकता के साथ मनाया गया।
दिनभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्पुरुषोत्तम शर्मा, प्रबंध निदेशक, शिवा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती शिल्पा गोयल, प्रधानाचार्या, शिवा इंटरनेशनल स्कूल, घुमारवीं रहीं।
कैम्प कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सजन कुमार ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मल्टीपर्पज हॉल में पर्यावरण संरक्षण विषय पर व्याख्यान, भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
वक्ताओं ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक एवं प्रेरणादायक पोस्टर प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में आनिया महाजन ,डी ए वी बिलासपुर ने प्रथम, श्रेया शर्मा डी ए वी घुमारवीं ने द्वितीय तथा उत्कर्ष एवं सौम्या डी ए वी बिलासपुर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि द्वारा विजेता कैडेट्स को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत एनसीसी कैडेट्स द्वारा शिवा इंटरनेशनल स्कूल से घुमारवीं चौक तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारों के माध्यम से आमजन को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद मुख्य अतिथि श्री पुरुषोत्तम शर्मा, कैम्प कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सजन कुमार तथा श्रीमती शिल्पा गोयल द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
तत्पश्चात कैडेट्स ने बरोटा वन क्षेत्र में सिल्वर ओक, जामुन, शीशम एवं अनार के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कैम्प कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सजन कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कैडेट्स से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स न केवल अनुशासित नागरिक होते हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के प्रभावी वाहक भी होते हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों ने कैडेट्स में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

