नूरपुर – स्वर्ण राणा
नगर परिषद नूरपुर के वार्ड दो से सटे सूरज टिल्ले के समीप चल रहा फोरलेन बाईपास का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
मानसून की बारिश के बीच फोरलेन कटिंग का मलबा और पानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से आईटीआई की तरफ जाने वाले नूरपुर-चिनबा संपर्क मार्ग पर जमा हो रहा है।
सड़क पर मलबा जमा होने और कीचड़ की फिसलन के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और खासकर आईटीआई के प्रशिक्षुओं का यहां से गुजरना दूभर हो गया है। ग्रामीणों और छात्रों को इस रास्ते से निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और फोरलेन निर्माण में जुटी कंपनी से पानी की उचित निकासी और मलबे के बहाव को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा के बोल
उधर, एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने कहा कि आईटीआई मार्ग और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की सड़क से मलबा हटाने के लिए संबंधित फोरलेन निर्माण कंपनी को निर्देश दे दिए गए हैं।
साथ ही मानसून सीजन को देखते हुए लोगों की सुविधा के लिए पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने की हिदायत जारी की गई है।

