पठानकोट में संदिग्धों के घुसने व डोडा में आतंकी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सीमांत क्षेत्रों में बढ़ाई चौकसी
चम्बा – अनिल संबियाल
पड़ोसी राज्य पंजाब के पठानकोट में 2 संदिग्ध के घुसने और जम्मू-कश्मीर के डोडा जिला में आंतकी मुठभेड़ के बाद जिला चम्बा के सीमांत क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस बलों को अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। वहीं पंजाब व जम्मू-कश्मीर की सीमा पर स्थापित बैरियरों पर हरेक वाहन की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है।
जिला चम्बा की करीब 216 किलोमीटर लंबी सीमा जम्मू-कश्मीर राज्य के डोडा व किश्तवाड़ से लगती है। इसके अलावा पंजाब का पठानकोट जिला चम्बा से सटा हुआ है। ऐसे में पठानकोट में संदिग्धों के घुसने और डोडा में आतंकी मुठभेड़ के मद्देनजर हिमाचल पुलिस की ओर से भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। इन दोनों राज्यों के सीमांत क्षेत्रों में तैनात पुलिस जवानों को हरेक गतिविधि पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
एएसपी शिवानी मेहला के बोल
एएसपी शिवानी मेहला ने बताया कि चम्बा के प्रवेश द्वार तुनुहट्टी बैरियर पर पहले ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। इस बैरियर पर पंजाब व अन्य राज्यों के वाहन को जांच-पडताल के बाद ही एंट्री दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर राज्य के डोडा जिला के सीमांत क्षेत्र पर भी पुलिस का बैरियर स्थापित है।
इस बैरियर पर आईआरबी के जवान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाले हुए हैं। उन्होंने बताया कि इन सीमांत क्षेत्रों के बैरियरों पर तैनात पुलिस जवानों को सुरक्षा को लेकर ओर चौकसी बरतने को कहा गया है।

