हिमखबर डेस्क
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुआं-धुआं’ कर रही रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है।
फिल्म की इस जबरदस्त सफलता के बीच सोशल मीडिया पर एक नया चेहरा तेजी से वायरल हो रहा है-वह है हितिका बाली।
फिल्म में जसकीरत सिंह रांगी (रणवीर सिंह) की छोटी बहन ‘हरलीन कौर रांगी’ का भावुक किरदार निभाने वाली हितिका की हर तरफ चर्चा हो रही है।

कहानी की धुरी बनी ‘हरलीन’
फिल्म की पूरी कहानी जिस मोड़ से शुरू होती है, उसके केंद्र में हरलीन कौर रांगी का ही किरदार है। अपनी बहन को बचाने के लिए ही जसकीरत सिंह रांगी (रणवीर सिंह) को हथियार उठाने पड़ते हैं और यहीं से वह जंग शुरू होती है
जो आगे चलकर देश की सुरक्षा के मिशन में तब्दील हो जाती है। हालांकि हितिका का रोल बहुत लंबा नहीं है, लेकिन उनके द्वारा निभाए गए इमोशनल सीन्स ने दर्शकों की आंखों में आंसू ला दिए हैं।
कौन हैं हितिका बाली?
शिमला की रहने वाली हितिका बाली ने ग्लैमर की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वह ‘मिस हिमाचल 2023’ का ताज अपने नाम कर चुकी हैं। इससे पहले वह ‘मिस ग्लोबल यूथ’ भी रह चुकी हैं।
उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर ऑनर्स में पढ़ाई की है। वहीं, हितिका ने अपनी पहली पंजाबी फिल्म ‘Madhaniyan’ से एक्टिंग की शुरुआत की थी और कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। 28 नवंबर 1999 को जन्मी हितिका को एडवेंचर स्पोर्ट्स का काफी शौक है।

सोशल मीडिया पर बढ़ा क्रेज
फिल्म की रिलीज के बाद हितिका बाली के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने हाल ही में फिल्म की स्क्रिप्ट और रणवीर सिंह के साथ वाले कुछ खास सीन्स को सोशल मीडिया पर साझा किया है।
रील लाइफ में साधारण और भावुक दिखने वाली हितिका असल जिंदगी में बेहद ग्लैमरस और स्टाइलिश हैं, जिसे उनके फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

