हिमखबर डेस्क
1 एचपी नेवल यूनिट एनसीसी, बिलासपुर द्वारा 15 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक डीएवी पब्लिक स्कूल, बिलासपुर में 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (Annual Training Camp – ATC) का शुभारंभ किया गया।
इस शिविर में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से लगभग 250 कैडेट भाग ले रहे हैं। शिविर का संचालन यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के दौरान अपने संबोधन में कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर कैडेटों के चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता के विकास, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैडेट को अनुशासन, समर्पण एवं कठोर परिश्रम के साथ अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानने तथा उन्हें निखारने का सतत प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेटों के लिए ड्रिल परेड, फायरिंग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण तथा नौसैनिक अभिमुखीकरण सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिससे उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व कौशल का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
शिविर के प्रथम दिवस सभी कैडेटों का बायोमेट्रिक उपस्थिति पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा प्रशासनिक दस्तावेजों का सत्यापन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

