चंबा में बारिश का कहर! 110 सड़कें बंद, बिजली-पानी व्यवस्था ठप, DC ने जारी किया अलर्ट

--Advertisement--

चम्बा – भूषण गुरुंग

चंबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यदि यात्रा के दौरान तेज बारिश शुरू हो जाए तो सुरक्षित स्थान पर रुकें और मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ें। साथ ही यात्रा शुरू करने से पहले प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 1077 और 98166 98166 पर संपर्क कर सड़कों की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

उपायुक्त ने बताया कि बीती रात हुई भारी वर्षा से जिले में व्यापक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार 110 सड़कें अवरुद्ध, 150 से अधिक विद्युत वितरण ट्रांसफॉर्मर प्रभावित तथा 65 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-154A भी विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन से प्रभावित हुआ था, जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने समय रहते यातायात के लिए बहाल कर दिया है।

वहीं लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की टीमें अन्य प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर क्षेत्र में नाले का पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से दो मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई अन्य घरों में पानी और मलबा भर गया।

एसडीएम और नगर परिषद की टीमों ने मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई है। उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र में बार-बार बनने वाली बाढ़ जैसी स्थिति के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related