कुल्लू में शीतला माता मंदिर के पास एक थार अनियंत्रित होकर सरवरी खड्ड में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
कुल्लू – हिमखबर डेस्क
जिला मुख्यालय कुल्लू के शीतला माता मंदिर के समीप शनिवार को एक थार अनियंत्रित होकर सरवरी खड्ड में जा गिरी। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार शीतला माता मंदिर के पास से गुजरते समय थार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे लुढ़कते हुए सरवरी खड्ड में जा गिरी। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और चालक को वाहन से बाहर निकाला।
चालक को मामूली चोटें आने की सूचना है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। खड्ड में गिरी थार को देखकर हर कोई सहम गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां वाहन के अनियंत्रित होने पर गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान चालक वाहन के साथ खड्ड में गिरने के बावजूद सुरक्षित बच गया।
हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

