कांगड़ा की बेटी आकृति ने NET-JRF में देशभर में 94वां स्थान हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है। आकृति ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई ज्वाली के स्कूल से की। उनकी सफलता के पीछे की मेहनत, रणनीति और तैयारी की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
ज्वाली – शिवू ठाकुर
अथक परिश्रम और लगन से किए गए प्रयासों से सफलता अवश्य हासिल होती है। इस बात को जिला कांगड़ा के ज्वाली की ढसोली पंचायत के प्रधान राजेश शर्मा एवं मंजू शर्मा की पुत्री आकृति शर्मा ने साबित कर दिखाया है। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा-जूनियर रिसर्च फेलोशिप (नेट-जेआरएफ) में भौतिक विज्ञान विषय में आकृति शर्मा ने अखिल भारतीय स्तर पर 94वां स्थान हासिल किया है।
आकृति शर्मा इससे पहले भी दो बार इंजीनियरिंग में स्नातक योग्यता परीक्षा (गेट) तथा नेट-पीएचडी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
आकृति की प्रारंभिक शिक्षा कॉमेट मेन्सा पब्लिक स्कूल देहरी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजा का तालाब से हुई। इसके बाद उन्होंने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला, कन्या महाविद्यालय जालंधर तथा कांता कॉलेज आफ एजुकेशन चलवाड़ा से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
अपनी सफलता का श्रेय आकृति शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और माता-पिता के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि यदि पूरी निष्ठा और मेहनत से लक्ष्य की ओर प्रयास किया जाए तो ईश्वर की कृपा से सफलता के रास्ते स्वयं खुलते जाते हैं।
आकृति शर्मा वर्तमान में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जवाली में भौतिक विज्ञान प्रवक्ता के पद पर अध्यापन कार्य कर रही हैं। शिक्षिका के रूप में कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

