
चम्बा – भूषण गुरुंग
कांग्रेस प्रदेश सचिव राज सिंह ठाकुर ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। वह भाजपा में शामिल हो गए हैं। विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को यह एक बड़ा झटका लगा है। हालांकि उन्होंने अभी तक भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की है लेकिन हर्ष महाजन के साथ चलने का ऐलान कर दिया है।
राज सिंह ठाकुर ने कहा कि वह हर्ष महाजन के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। हर्ष महाजन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खोखली हो चुकी है। हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है, ऐसे में पार्टी पूरी तरह से हाशिए पर आ गई है।
कार्यकर्ताओं की अनदेखी के चलते उन्हें मजबूरन कांग्रेस को अलविदा कहना पड़ा। उन्होंने सभी पदों से त्याग पत्र दे दिया है। अब हर्ष महाजन जो कहेंगे उसी के अनुरूप फैसला लिया जाएगा। राज सिंह ठाकुर ने कहा कि वह 1993 में कांग्रेस के साथ जुड़े थे।
23 वर्षों तक वह कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। राज सिंह ठाकुर हर्ष महाजन के बहुत करीबी हैं। वह हर्ष महाजन को अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं। उन्होंने कांग्रेस से चम्बा सदर सीट के लिए दावेदारी जताई थी।
