
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में कल से मौसम कड़ा रुख अपना सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 28 व 29 अगस्त को कुल्लू, शिमला व किन्नौर में बादल फटने की आशंका है।
कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन सिरमौर, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर में भारी वर्षा हो सकती है। ऐसे में लोगो को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
कुछ दिन राहत के बाद शुक्रवार को भी भारी वर्षा से कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। मंडी जिले में द्रंग हलके के दुंधा क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ। यहां कुफरी, बड़ीधार, बह व भड़वाहण पंचायत में भूस्खलन से 24 से अधिक घर खतरे की जद में आए हैं।
प्रभावित परिवारों के सदस्यों ने आसपास के घरों में शरण ली। कई पशुशालाएं व शौचालय क्षतिग्रस्त होने के अलावा कुफरी के साथ लगते सुबली नाला में बाढ़ आई। बाढ़ से दो जीपें बह गई।
वहीं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने द्रंग हलके के कोटरोपी में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग को बहाल करने का कार्य लगभग पूरा कर लिया है।
आज शनिवार को मौसम साफ रहा तो ट्रायल के तौर पर कोटरोपी में छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू की जाएगी जबकि नई तैयार सड़क का जायजा लेकर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।
प्रदेश में भूस्खलन के कारण 90 मकान, 25 पशुशालाएं व दो दुकानों को नुकसान हुआ है। 76 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं और 26 ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है।
शुक्रवार को कांगड़ा के बीड़ में 73 मिलीमीटर, धर्मशाला में 8.2, डलहौजी में पांच मिलीमीटर वर्षा हुई। अब तक 1721 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
