
ज्वाली- व्यूरो रिपोर्ट
नगर पंचायत ज्वाली के अधीन वार्ड नं-8 के बाशिंदों ने हनुमान मंदिर से लेकर रविदास मंदिर को जाने वाली गली के रूके पड़े कार्य को लेकर एकजुट होकर विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
लोगों ने विधायक के खिलाफ की नारेबाजी
वार्ड नं-8 के बाशिंदों ने नगर पंचायत चेयरमैन राजिंदर राजू व उपाध्यक्ष एवी पठानिया को मौका पर बुलाकर विधायक अर्जुन सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नरविंदर सिंह, शेर सिंह, हरबंस लाल, केवल सिंह, उर्मिला देवी, सुरिंदर कुमार, वीर सिंह, जसवंत सिंह, जगदीश सिंह, प्रेम चंद, अंग्रेज सिंह, सोनिया, सुषमा देवी, बाला देवी, सेवा देवी, तारा देवी इत्यादि ने कहा कि हमारी गली का कार्य तीन माह पहले शुरू हुआ था।
ठेकेदार द्वारा गली को उखाड़ दिया गया लेकिन उसके बाद कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि सीवरेज तोड़ डाले हैं। जिस कारण सीवरेज ब्लॉक पड़े हैं तथा गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। पानी की निकासी न होने के कारण गंदे पानी मे कीड़े तैयार हो रहे हैं जोकि लोगों के घरों में पहुंच रहे हैं।
गली के सीवरेज पर लगे एंगल टूट चुके हैं तथा ढक्कन खुले पड़े हैं तथा रात को इस गली से आने-जाने वाले लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने कहा कि हमारा वार्ड एससी संबंधित है तथा विधायक अर्जुन सिंह हमारे साथ भेदभाव कर रहे हैं तथा जानबूझ कर गली के कार्य को लटकाया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज से मांग की है कि इस कार्य को अतिशीघ्र शुरू करवाया जाए ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके।
चेयरमैन राजिंदर राजू व वाइस चेयरमैन एवी पठानिया के बोल:
इस बारे में नगर पंचायत चेयरमैन राजिंदर राजू व उपाध्यक्ष एवी पठानिया ने कहा कि विधायक द्वारा नगर पंचायत के कार्यों में अड़ंगा अटकाया जा रहा है तथा इसको सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार भी विधायक के इशारे पर ही कार्य को रोककर बैठे हैं।
