
सिरमौर- नरेश कुमार राधे
धार्मिक मसलों को लेकर अभद्र टिप्पणी के मामले हिमाचल प्रदेश में भी बढ़ने लगे हैं. ताजा मामला सूबे के सिरमौर जिले का है. यहां पर एक सुमदाय के दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद इलाके में काफी तनाव हो गया और बड़ी संख्या में थाने के बाहर दोनों समुदाय के लोग पहुंच गए थे.
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला यूपी के ज्ञानवापी मस्जिद में निकले कथित शिवलिंग को लेकर हुआ. सोशल मीडिया पर सिरमौर के माजरा इलाके के दो युवकों ने शिवलिंग को लेकर अभद्र टिप्पणियां की.
इसको लेकर माजरा पुलिस थाने के साथ-साथ एसडीएम पांवटा को शिकायत सौंपी गई. पुलिस ने आरोपियों को माजरा पुलिस थाने में तलब किया, जहां दोनों पक्षों के लोग माजरा पुलिस स्टेशन के बाहर इकट्ठे हो गए और एक-दूसरे के विरुद्ध नारेबाजी करने लग गए. माहौल तनावपूर्ण होता देख माजरा पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस फोर्स मंगवाई है.
एएसपी को मौके पर जाना पड़ा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर बबीता राणा भी मौके पर पहुंची हैं. धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सामाजिक माहौल बिगाड़ने की शिकायत पुलिस को दी गई है और माजरा पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया है.
शिकायत में लोगों ने कहा कि देवी-देवताओं के प्रति भावना को आहत करने वाली टिप्पणी सोशल मीडिया पर की गई है.
इसके अलावा एक व्यक्ति ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट शेयर की है. देर रात को लेकर थाने के बाहर काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.
कैबिनेट मंत्री ने की लोगों से अपील
हिमाचल के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी ने पूरे मसले को लेकर कहा कि कुछ लोगों द्वारा पाँवटा में ज्ञानवापी मस्जिद के संदर्भ में भगवान शिव के ऊपर अभद्र टिप्पणी की गई है. जिस से हिन्दू मुस्लिम समाज के बीच तनावपूर्ण माहौल पैदा हो गया है.
पता चला है कि इस अभद्र टिप्पणी मामले में अल्पसंख्यक मोर्चा पाँवटा के अध्यक्ष नसीम नाज़ भी समलित है. मैं मडंल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता जी से निवेदन करता हूं कि अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष के विरुद्ध तुरन्त कार्यवाही की जाए.
साथ ही पुलिस से भी आग्रह करता हूं की वो विरोधियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही को अमल में आए. मंत्री ने कहा कि मैं दोनों पक्ष के लोगो से भी अपील करता हूं की कृपया संयम बनाए रखे, जिससे शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे.
