
व्यूरो रिपोर्ट
विकास खंड की ग्राम पंचायत दाहन के ब्राईला गांव में स्थित सैंकड़ों साल पुराने विजट देवता मंदिर में चोरी का मामला आया है। स्थानीय लोगों व पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को जंगल में ही दबोच लिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि लगभग साढ़े 10 बजे स्थानीय व्यक्ति ने मंदिर के पुजारी के घर फोन किया कि मंदिर को बंद क्यों नहीं किया है।
इसके बाद पुजारी व अन्य लोग मंदिर पहुंचे और देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ था और मुख्य दरवाजे का ताला भी गायब था। मंदिर से मुख्य मूर्ति, चांदी का सिंहासन, चांदी की छड़ी, पौर मुठा एवं चांदी के छत्र गायब थे। दानपात्र से नकदी भी निकाली गई थी। बाद में देवता की मुख्य मूर्ति मंदिर के अंदर ही एक तरफ पड़ी मिली, जिसे शायद आरोपी वहीं फैंक गया था।
इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। चोरी की सूचना आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। लोगों ने रात्रि में ही अपने स्तर पर चोर की तलाश आरंभ कर दी और मंदिर से लगभग 3 किलोमीटर दूर देवदार के घने जंगल से आरोपी दबोच लिया। दाहन पंचायत के पूर्व प्रधान यज्ञ दत्त शर्मा के अनुसार आरोपी मोबाइल से ही पकड़ा गया क्योंकि रात्रि के समय जंगल में उसके मोबाइल की रोशनी लोगों को दिखी और अचानक उसका मोबाइल भी बज उठा।
जैसे ही लोग उसको पकड़ने लगे तो उसने पत्थरों से हमला कर दिया मगर उसको दबोच लिया गया। आरोपी के पास से मंदिर से चोरी किया सामान व नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने मंदिर के मुख्य दरवाजे में लगे लकड़ी के मेन गेट को ही तोड़ डाला था। उप पुलिस अधीक्षक भीष्म ठाकुर के अनुसार आरोपी नेपाल मूल का है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। कल आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
