
शिमला- जसपाल ठाकुर
सरकारी नौकरियों में बाहरी राज्यों के लोगों की नियुक्तियों और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुखर हो गई है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को सभी जिला मुख्यालयों में धरने-प्रदर्शन आयोजित कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।
राजधानी में जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण और शहरी के संयुक्त तत्वावधान में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने की जबकि विधायक विक्रमादित्य सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की।
प्रदेश के बेरोजगारों के साथ अन्याय कर रही सरकार
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राठौर ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में बाहरी लोगों को नियुक्तियां देकर सरकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ अन्याय कर रही है। कांग्रेस इस अन्याय को सहन नहीं करेगी और युवाओं की लड़ाई लड़ी जाएगी।
राठौर ने कहा कि पहले प्रदेश सचिवालय में बाहरी लोगों की नियुक्तियां कीं और अब राज्य विद्युत बोर्ड में 13 जूनियर इंजीनियर भर्ती कर दिए हैं। कांग्रेस इसके खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा और शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारों के साथ खड़ी है और उनके न्याय की लड़ाई लड़ी जाएगी।
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, पूर्व विधायक आदर्श सूद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल, सुशांत कपरेट के साथ ही सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता मौजूद थे।
15 लाख बेरोजगार तो रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत
राठौर ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। सूबे में 15 लाख बेरोजगार युवा तो रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास गैर पंजीकृत बेरोजगारों का कोई भी आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार प्रदेश के युवाओं को लेकर कितनी संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि कोविड के चलते लाखों युवा बेरोजगार हुए हैं।
अलग-अलग दिशा में दौड़ रहे चारों पहिए : विक्रमादित्य
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि डबल इंजन का दावा करने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार के चारों पहिए अलग-अलग दिशा में दौड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार से प्रदेश का हर वर्ग दुखी और आहत है। सरकार ने बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष की शुरूआत है, जिसे तेज किया जाएगा।
