
शेरशाह’ फिल्म के साथ सामने आया परमवीरचक्र विजेता की जिंदगी का अनछुआ पहलू, सच्चे प्यार की मिसाल हैं डिंपल, कहानी के साथ कियारा आडवाणी ने जारी किया फिल्म का नया पोस्टर
हिमखबर, डेस्क
कैप्टन विक्रम बतरा ने करगिल की जंग में अपने साहस और पराक्रम की मिसाल पेश की थी। ‘यह दिल मांगे मोर’ के नारे के साथ कैप्टन बतरा देशवासियों के दिलोदिमाग पर छा गए थे।
अब 12 अगस्त को रिलीज होने जा रही कैप्टन विक्रम बतरा पर बनी फिल्म ‘शेरशाह’ में उनकी जिंदगी का एक ऐसा पहलू भी सामने आया है, जिसके बारे में कम ही लोग जानते थे। उनकी दोस्त डिंपल इसके साथ ही सच्चे प्यार की मिसाल बन गई हैं।
फिल्म में लीड रोल निभा रही कियारा आडवाणी ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए डिंपल का भी जिक्र किया है। ‘शेरशाह’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा विक्रम बतरा का रोल निभा रहे हैं।
इसमें कियारा कैप्टन बतरा की कालेज की दोस्त का रोल निभा रही हैं। कैप्टन बतरा की दोस्त डिंपल चंडीगढ़ की रहने वाली हैं और उनकी दोस्ती कालेज में हुई थी। समय के साथ यह रिश्ता बहुत गहरा हो गया था।
बताते हैं कि कैप्टन बतरा के शहीद होने के बाद डिंपल पालमपुर भी आई थीं, लेकिन मीडिया की नजर से दूर ही रही थीं। अब छपी एक किताब और ‘शेरशाह’ फिल्म के माध्यम से बताया जाएगा कि डिंपल कैप्टन बतरा की जिंदगी में कितना अहम स्थान रखती थीं।
विक्रम बतरा की शहादत के बाद डिंपल ने शादी न करने का फैसला किया था और इसका जिक्र भी फिल्म में भी किया गया है। कियारा ने लिखा है, उन नायकों की कहानी की सराहना करती हूं, जिन्हें हम जानते हैं और उन नायकों की कहानी को जो समर्थन देकर सबसे मजबूत स्तंभ साबित होते हैं।
डिंपल मेरी तरह की नायक हैं, उनकी कहानी की प्रशंसा करती हूं। कैप्टन विक्रम बतरा करगिल युद्ध में जाने से पहले एक मंदिर में डिंपल की मांग अपने खून से भर गए थे। फिल्म की रिलीज से पहले यह वाकया सोशल मीडिया पर आ चुका है, जिसे लोग भावुकता से पढ़ रहे हैं और डिंपल की इस प्रेम कहानी को सलाम कर रहे हैं।
