सोलन के अमन उर्फ मन्नी हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में विवाद की वजह नशे के पैसों के लेन-देन से जुड़ी बताई जा रही है।
सोलन – रजनीश ठाकुर
सोलन में अमन उर्फ मन्नी हत्याकांड में पुलिस की जांच लगातार जारी है। प्रारंभिक अन्वेषण में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच मादक पदार्थों से जुड़े पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद और आपसी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़ा होने की बात सामने आई है।
पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाले दिन भी मृतक और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर दोबारा विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर चाकू से वार कर अमन उर्फ मन्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अमन की मौत हो गई।
मारपीट के दौरान आरोपियों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और आरोपियों से की जा रही पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, विवाद की पूरी पृष्ठभूमि और मादक पदार्थों से जुड़े पैसों के लेन-देन की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर की जा रही है। पुलिस आगामी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

