हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने सभी 68 विधायकों को ‘विशेष झंडी’ देने का फैसला लिया है। विधायक लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल विधानसभा के सभी विधायकों को अब डिस्टिंक्ट फ्लैग यानी एक खास झंडी मिलेगी। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने मानसून सत्र के आखिरी दिन ये जानकारी दी। एक सप्ताह के भीतर सभी एमएलए को विधानसभा सचिवालय प्रशासन द्वारा विशेष झंडी जारी की जाएगी। इसे एमएलए की गाड़ी पर लगाया जाएगा।
मानसून सेशन समाप्त होने के बाद गुरुवार को स्पीकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 13वीं विधानसभा में डिस्टिंक्ट फ्लैग का फैसला ले लिया था। मगर तब यह फैसला लागू नहीं हो सका था। उन्होंने अब इस फैसले को लागू करने का निर्णय लिया है।
कुलदीप पठानिया ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य विधायकों को अलग पहचान देना है। खासकर नए विधायकों को इससे सुविधा मिलेगी। अभी उन्हें अपनी पहचान बतानी होती है। मगर डिस्टिंक्ट फ्लैग मिलने के बाद विधायकों को अपनी पहचान नहीं बतानी पड़ेगी। खासकर जब वह प्रदेश से बाहर जाएंगे।
कुलदीप पठानिया ने कहा कि विधायकों की गाड़ी में भी मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव की तरह डिस्टिंक्ट फ्लैग लगेंगे। उन्होंने कहा- डिस्टिंक्ट फ्लैग से विधायकों को एक अलग आधिकारिक पहचान मिलेगी और बाहर जाने पर बार-बार अपनी पहचान स्पष्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इसके बाद विधायकों को अपनी पहचान बताने की नौबत नहीं आएगी। बता दें कि विधायकों की बीकन लाइट छीनने के बाद से एमएलए समय समय पर झंडी की मांग करते रहे हैं। विधायकों की मांग अब जाकर पूरी हुई है।

