
व्यूरो, रिपोर्ट
स्टूडेंट फ़ॉर सेवा (SFS) हिमाचल प्रदेश द्वारा हिमाचल प्रदेश के पहले रक्तदान मोबाइल ऐप का विमोचन किया गया। यह ऐप्प विमोचन कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से करवाया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में स्टूडेंट फ़ॉर सेवा के प्रांत प्रमुख डॉ राकेश शर्मा ने इस ऐप्प की विशेषताओं की जानकारी देते हुए सभी को कहा कि हिमाचल की ये पहली ऐसी ऐप है जो रक्तदाता और मरीज या अटेंडेंट के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगी।
इस मोबाइल ऐप के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में कोई भी व्यक्ति किसी भी स्थान से रक्त के लिए आवेदन कर सकता है। कोविड काल में हॉस्पिटल में रक्त की भारी कमी को देखते हुए यह ऐप शुरू की गई। यह मोबाइल ऐप इस्तेमाल करने में काफी आसान है व प्रदेश में यदि किसी को भी कहीं भी रक्त की आवश्यकता हो तो एसएफएस- एचपी ब्लड डोनेशन मोबाइल ऐप के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को अपने या अपने सगे संबंधियों के लिए ब्लड डोनर ढूंढने में काफी सहायता मिलेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत मंत्री विशाल वर्मा ने बताया कि हमें पूर्णता विश्वास है कि स्टूडेंट फॉर सेवा द्वारा मानव सेवा के लिए समर्पित यह ऐप्प निश्चित रूप से आने वाले समय में जरूरतमंद लोगों के लिए सहायक सिद्ध होगी। यह ऐप आपको आसानी से प्ले स्टोर पर मिल जाएगा। इस ऐप को डाउनलोड करने के लिए आपको प्ले स्टोर पर लिखना होगा एस एफ एस हिमाचल प्रदेश ब्लड डोनेशन।
वहां से इसे डाउनलोड करके आप इसका उपयोग किसी भी कोने से कर सकते हैं। इस ऐप के अंदर भी कुछ एक नंबर दिए हुए हैं आप उन नंबरों के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं। इस ऐप से संबंधित जानकारी के लिए दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: (9459100099, 9459742576, 88846-03222)।
