हिमाचल के सिरमौर में पांवटा साहिब से नाहन रेफर गर्भवती महिला की 108 एंबुलेंस में डिलीवरी हुई, EMT किरण ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव करवाया।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हिमाचल प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा 108 एक बार फिर जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हुई है। इस बार 108 एंबुलेंस में एक गर्भवती महिला की किलकारी गूंजी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और एंबुलेंस में ही डिलीवरी करवानी पड़ी।
इस मुश्किल घड़ी में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) किरण ने अपनी सूझबूझ, अनुभव और तत्परता का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव करवाया। इस दौरान एंबुलेंस पायलट नरेंद्र ने भी पूरा सहयोग दिया।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय गर्भवती महिला राधा को पांवटा साहिब से नाहन अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर माजरा स्थित 108 एंबुलेंस को महिला की इमरजेंसी से जुड़ी कॉल मिली। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को लेकर नाहन के लिए रवाना हो गई।
रास्ते में अचानक बढ़ गई प्रसव पीड़ा
एंबुलेंस अभी नाहन की ओर जा ही रही थी कि रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ने लगी। स्थिति लगातार गंभीर होती देख एंबुलेंस कर्मियों को तत्काल निर्णय लेना पड़ा। शाम करीब 3 बजकर 40 मिनट पर जब एंबुलेंस नाहन के दो सड़का के पास पहुंची, तो महिला की हालत को देखते हुए एंबुलेंस में ही प्रसव करवाने का फैसला लिया गया।
इस दौरान EMT किरण ने बिना घबराए मोर्चा संभाला और अपनी मेडिकल समझ व अनुभव के आधार पर सुरक्षित तरीके से डिलीवरी करवाई। वहीं, पायलट नरेंद्र ने भी आवश्यक सहयोग देकर इस पूरी प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई। एंबुलेंस में बच्चे की किलकारी गूंजते ही सभी ने राहत की सांस ली।
पहले भी कई गर्भवती महिलाओं का करवा चुकी हैं प्रसव
बताया जा रहा है कि EMT किरण इससे पहले भी कई बार पांवटा साहिब से रेफर की गई गर्भवती महिलाओं का 108 एंबुलेंस में प्रसव करवा चुकी हैं। ऐसे मामलों में एंबुलेंस कर्मियों के सामने बड़ी चुनौती होती है, क्योंकि सीमित संसाधनों और चलते वाहन में सुरक्षित प्रसव करवाना आसान नहीं होता। इसके बावजूद किरण ने अपने अनुभव और सूझबूझ से एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई।
जच्चा-बच्चा को अस्पताल में करवाया भर्ती
प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को आगे के उपचार और चिकित्सकीय देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 108 एंबुलेंस के EMT किरण और पायलट नरेंद्र की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना हो रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपातकालीन परिस्थितियों में 108 एंबुलेंस सेवा और उसमें तैनात स्वास्थ्यकर्मी लोगों के लिए कितने मददगार साबित होते हैं।

