राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
शाहपुर – नितिश पठानियां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में आज ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत एक विशेष और भव्य संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य एवं भौतिक विज्ञान प्रवक्ता संजीत कुमारी ने की।
कार्यक्रम में शाहपुर के माननीय एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि तहसील कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक और वैचारिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें छात्रा निधि, साधिका और गोल्डी ने नशामुक्ति के विभिन्न पहलुओं पर अपने ओजस्वी विचार रखे।
छात्रा प्रिया द्वारा नशामुक्ति पर एक बेहद सुंदर और मार्मिक कविता प्रस्तुत की गई, जिसे सभी ने सराहा श्री वीरेंद्र सिंह प्रवक्ता राजनीतिक विज्ञान ने कार्यक्रम के आरंभ में विद्यार्थियों को ‘चिट्टा’ जैसी खतरनाक और जानलेवा ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
विनोद कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने और समाज में नशा विरोधी जागरूकता के प्रति हमेशा सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। डॉ. गणेश ठाकुर एसडीएम शाहपुर ने ड्रग्स विशेषकर चिट्टा के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर गहराई से चर्चा की।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे न केवल खुद को दूर रखें, बल्कि अपने पूरे समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने युवाओं को जीवन में पूरी तरह केंद्रित और लक्ष्य-उन्मुख रहने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने यह भी घोषणा की कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए बहुत जल्द एक करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दोनों मुख्य अतिथियों को पौधे भेंट किए गए। इस सत्र से सभी छात्र-छात्राएं बेहद प्रेरित और ऊर्जावान महसूस कर रहे थे।
ये रहे उपस्तिथ
इस अवसर पर श्री कमल ठाकुर, संदीप राणा, रीता घलोत्रा, नीना संब्याल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

